कालागढ़ में बाघिन की तलाश करता गश्ती दल
- हनुमान मंदिर के निकट तीन शावकों के साथ विचरण कर रही थी बाघिन
फोटो समाचार
संवाद न्यूज एजेंसी
कालागढ़। हनुमान मंदिर के निकट तीन शावकों के साथ विचरण कर रही बाघिन की तलाश वन विभाग के अधिकारियों ने शुरू कर दी गई है। जनता के साथ किसी प्रकार की कोई घटना घटित न हो, इसके लिए विभाग के अधिकारी लोगों को जागरूक कर रहे हैं। विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ कार्बेट वन्य जीव प्रशिक्षण केंद्र से 38 प्रशिक्षुओं को भी लगाया गया है।
कालागढ़ में मुख्य मार्ग के निकट हनुमान मंदिर के पास एक बाघिन अपने तीन शावकों के साथ देखे जाने के बाद ही वन विभाग ने सतर्कता बरतनी शुरू कर दी है। कार्बेट वन्य जीव प्रशिक्षण केंद्र से 38 प्रशिक्षुओं एवं कालागढ़ रेंज के कर्मी संयुक्त रूप से बाघिन की तलाश में जुट गए हैं। सड़क के निकट लोगों को वन्यजीवों से बचाव के लिए जागरूक किया जा रहा है। वनों में सतर्कता अभियान चलाते हुए बाघिन को खोजा जा रहा है।
कार्बेट वन्य जीव प्रशिक्षण केंद्र के वन क्षेत्राधिकारी इंदर सिंह बिष्ट एवं वन दरोगा महेश चंद्र जोशी के नेतृत्व में टीमें लगातार गश्त कर रही हैं। जनता से वन्यजीवों से दूरी बनाए रखने एवं वनों को आग से बचाने की अपील की जा रही है। उधर, बाघिन के दिखाई देने से पुराना कालागढ़ से केंद्रीय कॉलोनी एवं नई कॉलोनी को आने जाने वाले लोगों में असुरक्षा की भावना है। शावकों के साथ बाघिन और अधिक खतरनाक हो जाती है।