एसडीएम ने किया बूथों का निरीक्षण, बीएलओ को दिए निर्देश
नजीबाबाद। एसडीएम और सीओ ने स्थानीय निकाय चुनाव के मतदान केंद्र और बूथों का निरीक्षण किया। एसडीएम ने सुपरवाइजर और बीएलओ को मतदाता सूची दुरुस्त करने संबंधी निर्देश दिए।
एसडीएम विजय वर्धन तोमर, सीओ गजेंद्र पाल सिंह ने नगरपालिका परिषद नजीबाबाद व किरतपुर, नगर पंचायत जलालाबाद व साहनपुर के मतदान केंद्रों और बूथों का क्षेत्रीय ईओ के माध्यम से निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान किरतपुर के दो और साहनपुर का एक बूथ खस्ताहाल होने पर स्थानांतरित करने का निर्णय लिया गया। एसडीएम ने निकाय चुनाव से जुड़े सुपरवाइजर, बीएलओ और जन प्रतिनिधियों की बैठक ली।
एसडीएम ने बीएलओ को 20 सितंबर से शुरू हो रहे सर्वे में घर-घर जाकर मतदाता सूचियों को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। एसडीएम ने बीएलओ से मतदाता सूचियों से नाम पृथक करने और नए मतदाताओं के नाम जोड़ने में शिथिलता बरतने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। नगरपालिका परिषद नजीबाबाद के लिए 93 बूथ, किरतपुर के 57 बूथ, नगर पंचायत साहनपुर के 21 बूथ और जलालाबाद के 23 बूथों को मतदान के लिए तैयार किया गया है। निकाय चुनाव के लिए प्रशासन ने प्रत्येक बूथ पर तैनात पांच-पांच बीएलओ पर एक सुपरवाइजर और सेक्टर मजिस्ट्रेट भी तैनात किए गए हैं।