धामपुर में नहटौर मार्ग पर खेत में घुसी स्कूली वैन। वीडियो ग्रैब
धामपुर (बिजनौर)। बृहस्पतिवार दोपहर स्कूल से बच्चों को लेकर जा रही नहटौर के एटीसीएम काॅन्वेंट स्कूल की वैन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में जा घुसी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों ने बच्चों को वैन से बाहर निकाला। वैन में 16 बच्चे सवार थे। कुछ बच्चों को मामूली चोटें आईं हैं।
वैन स्कूल की छुट्टी के बाद बच्चों को लेकर मिलक जहांगीराबाद मार्ग पर जा रही थी। आसपास के लोगों ने बच्चों के परिजनों को सूचना दी। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। उधर, स्कूल प्रधानाचार्या सिमी खान का कहना है कि वैन के सामने आए सांप को बचाने के प्रयास में चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। इससे वैन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे चली गई। हादसे में कुछ बच्चों को मामूली चोट लगी हैं। हादसे का शिकार हुई वैन अभी दो माह पहले ही खरीदी गई है।
एआरटीओ गौरी शंकर ठाकुर का कहना है कि विभाग की ओर से वैन के अभिलेखों को चेक कर लिया गया था। सभी प्रपत्र सही हैं। लग रहा है कि वैन का चालक प्रशिक्षित नहीं है। इसकी जांच होगी।
धामपुर में नहटौर मार्ग पर खेत में घुसी स्कूली वैन। वीडियो ग्रैब