हरेवली वन क्षेत्र का भ्रमण करते छात्र एवं छात्राएं।
- फोटो : अमर उजाला
बिजनौर में वन विभाग द्वारा गंगा बैराज पर बर्ड वॉच कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यार्थियों व गांव वालों को प्रवासी पक्षियों की प्रजातियों के बारे में बताया। सभी से वन्य जीवों की रक्षा करने की बात कही। गंगा बैराज पर डीएफओ डॉ. एम सेम्मारन, एसडीओ हरि सिंह, रेंजर शरद गुप्ता के निर्देशन में कार्यक्रम आयोजित किया। कृष्णा कॉलेज, विवेक कॉलेज के अलावा हेमराज कॉलोनी आदि गांव वाले कार्यक्रम में मौजूद रहे। बर्ड वाचिंग में विदेशी पक्षियों की प्रजाति व खासियत के बारे में बताया गया। डीएफओ ने कहा कि जिले के अच्छे वातावरण के कारण सर्दियों में विदेशी पक्षी गंगा बैराज पर आते हैं। यहां आने वाले पक्षियों से गंगा तट गुलजार रहता है। विदेशी पक्षियों को लुभाने के लिए अमानगढ़ रेंज में रेत के टीले आदि बनाए गए हैं। उन्होंने कहा कि हमें विदेशी पक्षियों सहित सभी पक्षियों की रक्षा करनी चाहिए। उन्होंने किसी तरह का नुकसान नहीं पहुंचाना चाहिए। पर्यावरण में जीव का अलग महत्व होता है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने जन्मदिन पर एक एक पौधा लगाकर उसके संरक्षण का संकल्प दिलाया।
बढ़ापुर में वर्ड फेस्टिवल दिवस पर साहूवाला व बढ़ापुर वन रेंज की ओर से स्कूली बच्चों को वनों का भ्रमण कराया गया और बच्चों को पक्षियों व वन्यजीवों और वन के बारे में जानकारी दी गई।
वर्ड फेस्टिवल दिवस पर साहूवाला वन रेंज की ओर से आयोजित कार्यक्रम के तहत वन क्षेत्राधिकारी वीरेंद्र सिंह रावत ने वनकर्मियों के साथ ग्राम हरवंश वाला के प्राथमिक व उच्च प्राथमिक के स्कूली बच्चों को लेकर सर्वप्रथम गांव में वर्ड फेस्टिवल के संबंध में रैली निकाली और बच्चों को वन का भ्रमण कराया। वन विभाग कर्मियों ने काशीवाला तालाब में पक्षियों को दिखाकर उनकी पहचान कराई और नर्सरी व वन में पौधों एवं वृक्षों की बच्चों को जानकारी दी। वहीं बढ़ापुर वन रेंज के वन क्षेत्राधिकारी इरफान अली ने बढ़ापुर के सरस्वती विद्या मंदिर जूनियर हाईस्कूल के बच्चों को वन का भ्रमण कराया व बच्चों को वर्ड फेस्टिवल दिवस मनाने के संबंध में जानकारी दी।
विद्यार्थियों को कराई गई पक्षियों की पहचान
मंडावली में सबलगढ़ गोशाला में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ बर्ड फेस्टिवल मनाया गया। वन अधिकारियों ने पर्यावरण संतुलन में पक्षियों के योगदान पर चर्चा करते हुए विद्यार्थियों को देशी व विदेशी पक्षियों की पहचान कराई। वन विभाग ने चित्रकला प्रतियोगिता के प्रथम तीन विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। वन विभाग, विनियर प्लाईवुड एवं आरामशीन स्वामियों की ओर से सबलगढ़ कृष्णयन शाला में बर्ड फेस्टिवल कार्यक्रम आयोजित किया गया। गुरुकुल इंटर नेशनल स्कूल चंदनपुरा के विद्यार्थियों ने नृत्य, नाटक और देशभक्ति गीतों से सांस्कृतिक कार्यक्रम से अनोखी छठा बिखेर कर सभी मंत्रमुग्ध कर दिया। गोशाला के निदेशक पवन दास महाराज की उपस्थिति में मुख्य अतिथि डीएफओ अखिलेश चंद मिश्रा ने विद्यार्थियों को पर्यावरण संतुलन में पक्षियों के योगदान के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने पर्यावरण संतुलन के लिए वन संरक्षण को बढ़ावा देने, अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा पशु-पक्षियों को पर्यावरण का सदस्य बनाए रखने की सलाह दी। वन सुरक्षा प्रभारी पुष्पेंद्र सिंह, वन रेंज अधिकारी बिजेंद्र सिंह मलिक के निर्देशन में विद्यार्थियों ने बर्ड वॉचिंग कार्यक्रम के अंतर्गत गांव सबलगढ़ में रैली निकालकर ग्रामीणों को पशु-पक्षी संरक्षण के प्रति जागरूक किया। वन अधिकारियों की ओर से विद्यार्थियों को गंगा क्षेत्र में आने वाले देशी एवं विदेशी पक्षियों की पहचान कराई। प्रधानाचार्य मोहन सिंह भंडारी, वन दरोगा राम मुसाफिर यादव, सबलगढ़ बीट प्रभारी सीवी सिंह ने भी विचार रखे। कार्यक्रम में आरामशीन एवं प्लाईवुड स्वामी देवेंद्र अग्रवाल, सबल अग्रवाल, याकूब अंसारी, इदरीश, सुमेर सेठी, अंबरीक सिंह, तरुण राजपूत आदि का सहयोग रहा।