-पांच महीने से वेतन नहीं मिलने का लगाया आरोप, हड़ताल का एलान
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। अखिल भारतीय सफाई मजदूर संघ के बैनर तले शुक्रवार को सफाई कर्मियों ने पालिका कार्यालय में जमकर हंगामा किया। जोकि प्रदर्शन करते हुए धरना लगाकर बैठ गए। इन्होंने पांच महीने से वेतन नहीं मिलने का आरोप लगाया है। संगठन ने हड़ताल का एलान भी किया है।
शुक्रवार को संघ के जिलाध्यक्ष कुलदीप कुमार के नेतृत्व में बिजनौर नगर पालिका परिषद के कार्यालय में सफाई कर्मी घुस गए। जिन्होंने हंगामा करते हुए पालिका के अधिशासी अधिकारी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। अधिशासी अधिकारी पर हठधर्मिता का आरोप लगाया। ईओ और सफाई कर्मियों में जमकर नोकझोंक भी हुई। जिलाध्यक्ष कुलदीप कुमार ने बताया कि पंद्रह से बीस सफाईकर्मियों को पिछले पांच महीने से वेतन नहीं मिला है। जिन्हें खाते के बजाए नगद वेतन देने का प्रयास किया जा रहा है। काफी देर तक चले हंगामे के बाद सफाई कर्मी पालिकाध्यक्ष के कार्यालय के बाहर धरना लगाकर बैठ गए। शाम होने तक धरना जारी रहा। जिलाध्यक्ष ने कहा कि शनिवार से सफाई कर्मियों की हड़ताल रहेगी। धरना प्रदर्शन करने वालों में रवि, विकास, राजन, रमेश आदि समेत तमाम महिलाएं भी मौजूद रहीं।
वर्जन:::
नागरिक सुविधाओं को जबरन बाधित करने और सफाई व्यवस्था को चौपट करने के लिए महीनों से ये गतिविधियां चल रही हैं। जिनमें निजी स्वार्थ छिपा हुआ है। दूसरे वर्ग के सफाई नायकों को हटाने का दबाव बनाया जा रहा है। ये ड्रेस और आईडी से छूट चाहते हैं। किसी भी कर्मी का कोई वेतन नहीं रुका है।
....विकास कुमार, ईओ पालिका