बिजनौर में गंगा बैराज पर विकास दुबे की तलाश के लिए वाहनों की चेकिंग करती पुलिस।
- फोटो : BIJNOR
विकास दुबे की तलाश में रातभर चला सर्च अभियान
धामपुर/ कालागढ़। धामपुर, अफजलगढ़ सर्किल के सभी थानों की पुलिस सोमवार रात कानपुर में सीओ व पुलिस कर्मियों की हत्या में वांछित आरोपी विकास दुबे की तलाश में सड़कों पर रही। पुलिस ने आने जाने वाले सभी प्रकार की वाहनों की तलाशी ली, लेकिन विकास का पता नहीं चला। कालागढ़ में भी पूरी रात सर्च अभियान चलाया गया।
विकास दुबे के उत्तराखंड में प्रवेश को रोकने के लिए उत्तराखंड के बिजनौर जिले से सटे थानों की पुलिस रात भर अलर्ट रही। सीओ धामपुर महावीर सिंह ने बताया कि पुलिस ने धामपुर में नगीना चौक, आरएसएम तिराहा, रानीबाग पुलिस चौकी, स्योहारा में सहसपुर बार्डर पर रात भर चेकिंग की। विकास दुबे की सोमवार को बिजनौर में लोकेशन मिली थी। वहीं, कालागढ़ पुलिस ने भी विकास दुबे का उत्तराखंड में प्रवेश रोकने के लिए सोमवार रात बिजनौर जिले की सीमा पर चेकिंग अभियान चलाया। कालागढ़ के प्रवेश करने वाले प्रत्येक वाहन की तलाशी ली गई। थानाध्यक्ष रियाज अहमद ने बताया कि उच्च अधिकारियों के आदेश पर पुलिस हाई अलर्ट पर है। बिजनौर जिले की सीमा पर गश्त की जा रही है। बैरियर सील कर दिए गए हैं और चेकिंग जारी है।