बिजनौर। पूर्व सैनिकों ने लद्दाख क्षेत्र में चीनी सेना के साथ झड़प में शहीद हुए भारत के 20 शूरवीरों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
पूर्व सैनिक कल्याण समिति कार्यालय पर बुधवार शाम में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई, जिसमें प्रबंध कार्यकारिणी के सदस्यों ने शहीदों के सम्मान में मोमबत्ती जलाकर नम आंखों से सलामी दी। इस अवसर पर पूर्व सैनिकों ने विश्वासघाती चीन के खिलाफ आक्रोश व्यक्त किया। उन्होंने भारत सरकार से सेना का कार्रवाई की खुली छूट देने की मांग की। समिति के अध्यक्ष कर्नल हर्ष निधि ने कहा कि चीन को सबक सिखाने के लिए उसकी आर्थिक कमर तोड़नी होगी। भारतवासियों को राष्ट्रहित में अब चीनी सामान का उपयोग बंद कर देना चाहिए। चीन भारत में व्यापार कर लाखों करोड़ कमाता है और उस धन का उपयोग भारत के खिलाफ करता है। कहा कि जरूरत पड़ी तो पूर्व सैनिक देश की सीमा की सुरक्षा के लिए एक बार फिर दुश्मन को धूल चटाने के लिए तैयार हैं।
उधर, बिजनौर में रालोद की बैठक में देश की सीमा पर सैनिकों की शहादत पर उन्हें नमन किया गया। सरकार से सैनिकों की शहादत का बदला लेने की मांग की गई। जिलाध्यक्ष राहुल सिंह ने कहा कि देश के जांबाज सैनिकों ने लद्दाख की गलवां घाटी में चीनी सेना से लड़ते हुए जान दे दी। रालोद की शहीदों के परिवार के प्रति संवेदनाएं हैं। कार्यकर्ताओं ने शहीद सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान महिला जिलाध्यक्ष पूनम चौधरी ,कुलदीप चिकारा, मास्टर इंद्रमणि, पीतम सिंह, धीरज चेयरमैन, प्रशांत चिकारा, रवित कुमार, अनुज कुमार आदि मौजूद रहे।
चीन का पुतला जलाया
चंदक। बृहस्पतिवार को विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल के तत्वावधान में चंदक चौराहे पर चीन का पुतला दहन किया गया। भारतीय सेना पर चीन द्वारा किए गए कायरता पूर्ण हमले के विरोध में चीन के समान की होली जलाई गई। विहिप के जिला मंत्री कैलाश उपाध्याय के नेतृत्व में मंडावर प्रखंड के अध्यक्ष सरवन, प्रखंड मंत्री विनीत, प्रखंड संयोजक अंकित और जिले के जिला बलोपासना प्रमुख दीपक व अंकुल, धर्मेंद्र, वरुण आदि कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए चंदक चौराहे पर एकत्र हुए और चीन का पुतला दहन किया।
नजीबाबाद में चीन का पुतला फूंकते हिंदू संगठन कार्यकर्ता।- फोटो : NAZIBABAD
धामपुर में आरएसएम कालेज के तिराहे पर चीन का पुतला फूंकते शिक्षक।- फोटो : DHAMPUR