- आशाओं के धरने के बाद सीएमओ ने की कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। जिले में आशा और आशा संगिनी का जनवरी 2023 से मानदेय नहीं दिया गया है। जिसको लेकर मंगलवार को आशाओं ने कलक्ट्रेट में धरना प्रदर्शन किया। आशाओं के प्रदर्शन के बाद सीएमओ ने मानदेय नहीं देने वाले चिकित्साधिकारियों का वेतन रोकने के आदेश दिए हैं।
आशा और आशा संगिनी मानदेय नहीं मिलने पर डीएम उमेश मिश्रा से मिलीं। उन्होंने आशाओं को जल्द ही पूरा मानदेय दिलाने का आश्वासन दिया। बुधवार को आशाएं सीएमओ कार्यालय पहुंचीं। जिसके बाद सीएमओ डॉ. विजय कुमार गोयल ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्साधिकारियों का वेतन रोकने के निर्देश जारी दिए। उन्होंने पत्र में कहा कि जितने दिन आशाओं के मानदेय में देरी हुई है, उतने दिन का चिकित्साधिकारियों का वेतन रोका जाएगा। दो कर्मचारियों के पटल में बदलाव कराने के निर्देश दिए।