स्योहारा। संयुक्त अरब अमीरात के दुबई में सोमवार सुबह हुए सड़क हादसे में बिजनौर जिले के सहसपुर कस्बे के मोहल्ला हकीमपुरा निवासी साकिब (31) पुत्र मुंशी नन्हे की मौत हो गई। इस हादसे में कुल सात भारतीय नागरिकों की जान चली गई, जबकि नौ अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही सहसपुर में मातम छा गया और मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सोमवार सुबह करीब 5:30 बजे दुबई की एमिरेट्स रोड पर यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि खराबी के कारण एक ट्रक सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान पीछे से आ रही एक मिनी बस अनियंत्रित होकर ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि मिनी बस के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि मिनी बस चालक समय रहते सड़क किनारे खड़े ट्रक को नहीं देख सका, जिसके चलते यह हादसा हो गया। हादसे में जान गंवाने वालों में साकिब पुत्र मुंशी नन्हे सहसपुर के मोहल्ला हकीमपुरा के निवासी भी शामिल थे। वह रोजगार के सिलसिले में पिछले कुछ समय से दुबई में कार्यरत थे। साकिब की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं क्षेत्र के लोगों ने भी गहरा शोक व्यक्त किया है। परिजन शव को भारत लाने की प्रक्रिया पूरी करने में लग गए हैं।
दूतावास ने जताया शोक, मदद का दिया भरोसा
दुबई स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। दूतावास के अधिकारियों ने वहां के अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना और मृतकों के परिजनों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है। साथ ही, मृतकों के शवों को भारत भेजने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।