िजनौर के दयावती धर्मवीरा पब्लिक स्कूल (डीडीपीएस) में अवैध उगाही और प्रधानाचार्य पर अभद्रता का आरोप लगाते हुए अभिभावकों ने स्कूल में जमकर हंगामा किया। इस दौरान स्कूल प्रशासन से जुड़ी पूर्व विधायक रुचिवीरा के खिलाफ भी जमकर नारेबाजी हुई।
अभिभावक संघ ने शिकायत डीएम जगतराज से भी की। उधर, प्रधानाचार्य सुराजीत शाह से फोन पर संपर्क किया गया तो फोन रिसीव नहीं हो पाया डीडीपीएस में शनिवार को प्रधानाचार्य अभिभावकों की मीटिंग ले रहे थे।
अभिभावकों ने आरोप लगाया कि स्कूल कभी स्मार्ट क्लासेज तो कभी अन्य बहाना कर रुपयों की उगाही कर रहा है। स्कूल बच्चों के लिए किताब, ड्रेस व अन्य समान बताए हुए स्थानों से ही खरीदने का दबाव बनाता है। इस पर भड़के अभिभावकों से अभद्रता करते हुए कमरे से चले गए।
अभिभावकों ने इसी बात को लेकर स्कूल परिसर में ही हंगामा शुरू कर दिया। इसके बाद अभिवावक कलक्ट्रेट पहुंचे और जमकर हंगामा किया। ये काफी देर जिलाधिकारी की गाड़ी को घेरकर स्कूल प्रबंधन और पूर्व विधायक रुचिवीरा के विरुद्घ नारे लगातेे रहे।
परिजनों ने बताया कि जब उन्होंने बच्चों का एडमिशन कराया था तो स्कूल स्टाफ ने कहा था कि दो बच्चों के साथ तीसरे को मुफ्त शिक्षा दी जाएगी, लेकिन ऐसा नहीं हो रहा है। स्कूल का कहना है कि उनके द्वारा सर्वे कराया गया है। अगर वह ऐसा करते है तो स्कूल को नुकसान होगा।
अभिभावकों ने मामले की डीआईओएस से भी शिकायत की। हंगामे के दौरान अभिभावक संघ के अध्यक्ष नृपेंद्र देशवाल, संजीव कुमार राणा, गुलशेर आलम, अभिषेक रोर, दिनेश, मनीष, अजहर, कृष्णा, अनिता, अफरोज, नरोत्तमा, काजल गर्ग, शालू त्यागी, हिमांनी शर्मा, राजेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।