विवेक हॉस्पिटल में आरटीपीसीआर जांच लैब शुरू
बिजनौर। विवेक कॉलेज के हॉस्पिटल में आरटीपीसीआर जांच लैब विधिवत रूप से शुरू हो गई। यहां 12 घंटे में ही आरटीपीसीआर जांच रिपोर्ट आया करेगी।
बृहस्पतिवार को विवेक कॉलेज के हॉस्पिटल में स्थित आरटीपीसीआर जांच लैब का उद्घाटन परिवहन मंत्री अशोक कटारिया ने किया। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में जनपदवासियों के लिए यह बेहद ही खुशी की बात है कि आरटीपीसीआर जांच की सुविधा जिले में ही मिलने लगी है। अब कोरोना आदि संक्रमण की जांच समय से बिजनौर में ही हुआ करेगी, जिसका जिले के लोगों को काफी लाभ मिलेगा। कॉलेज एवं लैब के चेयरमैन अमित गोयल ने कहा कि हमारी लैब में 12 घंटे से भी कम समय में रिपोर्ट उपलब्ध करा दी जाएगी। लैब के निदेशक बिजनौर के वरिष्ठ चिकित्सक डा. योगेंद्र सिंह तथा अपोलो हॉस्पिटल दिल्ली के अनुभवी माइक्रोबायोलोजिस्ट डा. प्रणव गुप्ता हैं। इस लैब में कार्य करने के लिए कुशल एवं प्रशिक्षित चिकित्सा एवं तकनीशियन की नियुक्ति की गई है। सचिव दीपक मित्तल एवं कोषाध्यक्ष धर्मेंद्र अग्रवाल के अनुसार पिछले दो महीनों के अथक प्रयासों से इस लैब की स्थापना हो पाई है। जनता की सेवा हेतु यह 24 घंटे क्रियाशील रहेगी। लैब में आकर अथवा घरों से भी सैंपल देने की व्यवस्था है।