धामपुर में पिछले 15 सालों से बंद पड़ा कोटरा रजवाहा
- अवरोधों के कारण पिछले 15 सालों से बंद पड़ा है रजबहा
फोटो एक
संवाद न्यूज एजेंसी
धामपुर। विधायक अशोक राणा ने बताया कि अब कोटरा रजबहा जल्द चालू होगा। सरकार की ओर से इसे चालू कराने के लिए 17 करोड़ की धनराशि मंजूर कर दी है। इसके चालू होने से किसानों को सिंचाई करने में आसानी होगी और भूजल स्तर में भी गिरावट नहीं आएगी।
उन्होंने बुधवार को बताया कि सरकार की ओर से 15 साल पहले क्षेत्र में हरितक्रांति लाने के लिए पूर्वी नहर निर्माण खंड छह नजीबाबाद की ओर से कोटरा रजबहा का निर्माण किया गया था। इसकी लंबाई करीब 28 किलोमीटर है। यह रजबहा विभाग की ओर से 90 प्रतिशत पूर्ण कर लिया था, लेकिन धामपुर क्षेत्र के कुछ किसानों ने अधिग्रहित होने के बाद भी विभाग को जमीन नहीं दी। जिसके कारण अवरोध पैदा हो गया था। हालांकि विभाग की ओर से उचित मुआवजा देकर अवरोधों को खत्म करने का प्रयास किया गया।
विधायक ने बताया कि सरकार की ओर से 17 करोड़ की धनराशि इसे पूरा कराने के लिए स्वीकृत कर दी गई है। धन के आवंटन के साथ काम शुरू हो जाएगा। जिन किसानों की ओर से अवरोध पैदा किया जा रहा है, उनसे वार्ता कर अवरोधों को दूर करने का प्रयास किया जाएगा।