जलीलपुर। बहसुमा-ठाकुरद्वारा मार्ग क्षतिग्रस्त होने व तीव्र जल प्रवाह के कारण जलीलपुर क्षेत्र की पांडवनगर पुलिस चौकी के निकट लकड़ी की बैरिकेड्स लगाकर मार्ग बंद कर दिया है। लोक निर्माण विभाग मेरठ ने सड़क पर मार्ग डायवर्ट का बोर्ड लगा दिया है।
लोकनिर्माण विभाग मेरठ के कर्मियों ने पांडवनगर पुलिस चौकी के निकट लकड़ी से बैरिकेडिंग कर सड़क को बंद कर दिया हैं। बहसुमा ठाकुरद्वारा मार्ग पर हस्तिनापुर गंगा पुल के दोनों ओर की सड़क करीब दो साल से क्षतिग्रस्त हैं। जिला बिजनौर के थाना चांदपुर की पुलिस चौकी पांडवनगर से लगाकर हस्तिनापुर के चेतावाला तक करीब 10 किलोमीटर सड़क बेहद खराब स्थिति में है। पिछले सप्ताह गंगा का जलस्तर बढ़ने पर गंगा पुल और हस्तिनापुर के बीच गांव भीकुंड के निकट सड़क में कटान होने पर पानी चल रहा है।
क्षेत्रीय व दूरदराज के वाहन चालक करीब 60 किलोमीटर की दूरी बचाने के चक्कर में टूटी सड़क और पानी के बीच से अपने वाहनों को निकलकर आवागमन कर रहें हैं।
लोकनिर्माण विभाग मेरठ के सहायक अभियंता अभिषेक शर्मा ने बताया सुरक्षा कारणों से क्षतिग्रस्त सड़क के दोनों ओर बैरिकेड्स लगाकर वाहनों के लिए बंद किया गया।