रोडवेज संविदाकर्मियों ने की पूरा वेतन दिलाने की मांग
बिजनौर। होली प्रोत्साहन योजना एवं आपातकालीन कोविड-19 की ड्यूटी की धनराशि का भुगतान करने और वेतन सॉफ्टवेयर में 50 प्रतिशत से कम लोड फैक्टर पर भी वेतन कटौती होने से परेशान रोडवेज संविदा कर्मियों ने कड़ी नाराजगी जताई है। यूपी रोडवेज इंप्लाइज यूनियन ने परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक को संबोधित ज्ञापन बिजनौर डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक को देकर समस्या का समाधान कराने की मांग की है।
मंगलवार को संविदाकर्मी बिजनौर डिपो की कार्यशाला पर एकत्रित हुए और एआरएम विनोद कुमार मौर्य को ज्ञापन देकर बताया कि संविदा के रूप में कार्यरत निगम कार्मिकों को पूर्व की भांति मानदेय का भुगतान नहीं किया जा रहा है। जून देय जुलाई 2020 में कार्मिकों को डिपो में बेहद ही कम मानदेय प्राप्त हुआ है। कुछ कार्मिकों को मात्र तीन हजार रुपये ही मिले हैं, इस महंगाई में परिवार का खर्च चलाना बड़ा ही कठिन हो गया है। आरोप है कि वेतन सॉफ्टवेयर में 50 प्रतिशत से कम लोड फैक्टर पर भी वेतन कटौती की जा रही है, जबकि मार्ग पर यात्रियों की संख्या काफी कम है और अधिक किलोमीटर संचालन का भी दवाब रहता है। संविदा, नियमित कार्मिकों का देय होली प्रोत्साहन एवं कोविड-19 में की गई आपातकालीन ड्यूटियों का भी भुगतान नहीं किया गया है, जिससे उनके सामने आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है। संविदा कर्मियों ने सभी प्रबंध निदेशक से समस्याओं का समाधान कराने की मांग की है।
ज्ञापन देने वालों में बलराम सिंह, अरविंद कुमार शर्मा, तिलकराम, परवेंद्र, घनश्याम, दर्शन, राजेंद्र, अंकित, प्रीतम, लोकेंद्र, चंद्रपाल, हरजिंदर, कुलविंदर, नरेश शर्मा, शमशाद, विजयपाल आदि शामिल रहे।