बैल गाड़ी से टकराई रोडवेज बस, प्राइवेट बस में लगी आग
अफजलगढ़ (बिजनौर)। गांव शिवपुरी सत्संग घर के पास रोडवेज बस ने बैलगाड़ी को टक्कर मार दी। जिसमें किसान व एक अन्य यात्री घायल हो गया। बैलगाड़ी में जुड़े एक बैल की मौके पर मौत हो गई। इसी बीच रोडवेज बस के पीछे चल रही अन्य प्राइवेट बस अनियंत्रित होकर गड्ढे में जा घुसी और उसमें आग लग गई।
रोडवेज बस जसपुर से अफजलगढ़ की ओर आ रही थी, सामने से बैलगाड़ी आ रही थी। रोडवेज बस बैलगाड़ी से टकरा गई। हादसे में बैलगाड़ी चालक जिक्रीवाला निवासी गणेश और बस में सवार जालंधर पंजाब निवासी अर्शदीप पुत्र जगजीत सिंह घायल हो गए। अर्शदीप को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। वहीं, रोडवेज बस के पीछे चल रही प्राइवेट बस रोडवेज बस को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढे में चली गई। शार्ट सर्किट के चलते बस में आग लग गई। गनीमत रही की बस में मौजूद सभी सवारियों को सुरक्षित निकाल लिया गया। सूचना पर फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। बस के अंदर मौजूद यात्रियों का सभी समान जलकर राख हो गया। हादसे के बाद मार्ग पर जाम लग गया।