अफजलगढ़/कादराबाद। पहाड़ी और मैदानी इलाकों में 48 घंटे से हो रही लगातार बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। दिहाड़ी मजदूरों को काम नहीं मिल पाया, जिससे उनकी आय प्रभावित हुई।
गांव सुआवाला में पीली नदी का पानी बढ़ने से कई घरों के बाहर जलभराव हो गया। ग्रामीणों ने प्रशासन से नदी का रास्ता साफ कराकर तटबंध बनवाने की मांग की है। विजयनगर गांव में वर्षा और हवा से पेड़ उखड़कर सड़क पर गिर गया। मुरलीवाला गेट के पास हाईटेंशन विद्युत लाइन पर पेड़ गिरने से बिजली आपूर्ति बाधित हुई। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भी पानी भर गया। स्वास्थ्य कर्मियों ने सामान सुरक्षित स्थानों पर रखा। नगर पालिका नाले से पंपिंग सेट से पानी निकालने का प्रयास कर रही है।