सेवानिवृत्त सैनिकों ने किया विरोध
बिजनौर। एक्स सर्विसमैन वेलफेयर एसोसिएशन के बैनर तले सेवानिवृत्त सैनिकों ने चिकित्सा सुविधा के लिए ईसीएचएस के लिए आवंटित जमीन पर दूसरे विभाग द्वारा निर्माण कार्य होने पर विरोध जताया। डीएम ने तुरंत निर्माण कार्य रोकने का आदेश देते हुए ईसीएचएस के संबंध में कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
सेवानिवृत्त सैनिकों ने डीएम को बताया कि जिले में साल 2012 से सैनिकों को किराए के भवन में ईसीएचएस यानि चिकित्सा सुविधाएं दी जा रही हैं। मुख्यमंत्री योगी ने पिछले साल एक सम्मेलन में सभी जिलों में ईसीएचएस के लिए भूमि उपलब्ध कराने के आदेश सभी डीएम को दिए थे। जिले में ईसीएचएस के लिए गांव फरीदपुर खेमा में जमीन चिह्नित की गई, लेकिन उक्त जमीन पर नगर पालिका द्वारा निर्माण कार्य कराया जा रहा है। ईसीएचएस के लिए जमीन चिह्नित होने के बाद भी दूसरे विभाग द्वारा उस पर निर्माण कार्य कराया जाना अनुचित है। सेवानिवृत्त सैनिकों ने कहा कि यह उनके साथ विश्वासघात हुआ हैै। डीएम ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस दौरान एसोसिएशन जिलाध्यक्ष केशव सिंह, महासचिव सरदारा सिंह, सीताराम सिंह राणा, भरत लांबा, नरेश कुमार, अनिल शर्मा, अमित कुमार ,अजय सिंह फौजी, हरिओम कुमार आदि मौजूद रहे।