बिजनौर। जिला पंचायत के अध्यक्ष पद के चुनाव में सपा-रालोद प्रत्याशी चरणजीत कौर के विपक्ष में वोट डालने वाले सपा के जिला पंचायत सदस्यों व नेताओं की रिपोर्ट सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को सौंप दी गई है।
जिला पंचायत के अध्यक्ष पद के चुनाव में सपा-रालोद प्रत्याशी चरणजीत कौर की जीत पक्की मानी जा रही थी। कहा जा रहा था कि उनके पाले में 32 सदस्य हैं। लेकिन भाजपा ने सेंधमारी करके कई समर्थकों को अपनी ओर खींच लिया और प्रत्याशी साकेंद्र प्रताप सिंह के पक्ष में वोट डलवा दिया। भाजपा प्रत्याशी साकेंद्र प्रताप सिंह को 30 व चरणजीत कौर को 25 वोट मिलेे। इसके बाद सपा में मंथन शुरू हो गया। यह पता किया गया कि दगाबाज कौन सदस्य व नेता है। उन्हें चिह्नित करके रिपोर्ट तैयार की गई। बुधवार को सपा जिलाध्यक्ष राशिद हुसैन, मनदीप सिंह समेत कई नेता सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से मिलने लखनऊ गए और पार्टी के दागी नेताओं व सदस्यों की रिपोर्ट उन्हें सौंपी। इसके बाद सपा के दागी नेता व सदस्यों पर गाज गिरना तय माना जा रहा है। सपा जिलाध्यक्ष राशिद हुसैन ने अखिलेश यादव को रिपोर्ट सौंपने की पुष्टि की है।