पत्नी समेत तीन के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज
कोतवाली देहात। तीन माह पूर्व संदिग्ध हालात में एक युवक की मौत के मामले में कोर्ट के आदेश पर नवविवाहिता पत्नी व दो लोगों के विरुद्ध हत्या समेत विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई गई हैं।
कोतवाली देहात के मोहल्ला हरिजन कालोनी निवासी फरमान 22 वर्षीय का प्रेम प्रसंग थाना नहटौर क्षेत्र के गांव बल्लाशेरपुर निवासी फरहीन अंसारी से चल रहा था। करीब तीन माह पूर्व प्रेम-प्रसंग के चलते दोनों का निकाह हो गया था। परिजनों ने निकाह के दौरान फरमान के हिस्से में आने वाली 45 गज जमीन व 20 हजार रुपये मेहर में लिखे थे। 30 सितंबर 20 की शाम फरमान अपनी ससुराल से नवविवाहिता फरहीन को लेकर आया था। रात में ही फरमान की संदिग्ध परिस्थितियों मे मौत हो गई।
फरमान के परिजनों द्वारा घटना की सूचना पर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया था। मृतक युवक की मां आसमां ने कोर्ट में प्रार्थना पत्र देकर रिपोर्ट दर्ज कराने की गुहार लगाई थी। कोर्ट ने पुलिस को फरमान की नवविवाहिता पत्नी व दो अन्य के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर नवविवाहिता फरहीन अंसारी, जनपद मुजफ्फरनगर के थाना मीरापुर निवासी गुलजार व एक अज्ञात के विरुद्ध हत्या की रिपोर्ट दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।