- मामला बढ़ा तो एक नामजद समेत 300-400 अज्ञात पर केस दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
चांदपुर (बिजनौर)। छेड़छाड़ की पीड़िता के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज होने से समाज के लोगों ने अपने मकान पर बिकाऊ है.... लिख दिया है। जानकारी मिलने पर पुलिस क्षेत्राधिकारी और हिंदू समाज के लोगों ने परिजनों को समझाकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया है। साथ ही इस मामले में एक नामजद सहित 300-400 अज्ञात पर केस दर्ज किया गया है।
नगर के एक मोहल्ला निवासी युवती का आरोप है कि दूसरे वर्ग का युवक उससे मोबाइल पर लगातार आपत्तिजनक बात और मैसेज कर रहा था। युवती के चचेरे भाई ने आरोपी युवक से बात की। आरोप है कि युवक के पक्ष के लोगों ने उसके भाई के साथ मारपीट की। पुलिस ने उसके भाई काे बचाया था।
यह भी आरोप हे कि पुलिस ने आरोपी युवक की तहरीर पर पीड़िता और उसके चचेरे भाई के खिलाफ ही गाली गलौज और आपत्तिजनक टिप्प्णी करने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर ली। भाई को पकड़कर चालान कर दिया। बुधवार को इससे आक्रोशित युवती के समाज के लोगों ने अपने मकान पर बिकाऊ है... लिख दिया।
इसकी जानकारी हिंदू संगठन कार्यकर्ता पीड़िता के घर पहुंच गए और परिजनों को मकान न बेचने के लिए समझाया। पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे पुलिस क्षेत्राधिकारी राजेश सिंह व प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार ने भी लोगों को समझाया और कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
पुलिस क्षेत्राधिकारी राजेश सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर आरोपी मोहम्मद मुजम्मिल उर्फ मोहम्मद को नामजद करते हुए 300-400 के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। जांच शुरू कर दी गई है।