मारपीट में सिपाही समेत दो के खिलाफ रिपोर्ट
बिजनौर। थाने से गैरहाजिर होकर एक सिपाही ने दोस्त के गांव पहुंचकर ग्रामीण के साथ मारपीट की। मामले में सिपाही समेत दो के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। एसपी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सिपाही को निलंबित कर दिया है।
एसपी दिनेश सिंह ने शनिवार को नांगल थाने में तैनात सिपाही सोनू कुमार को निलंबित कर दिया। आरोप है कि छह अक्तूबर को सोनू नांगल थाने से गैरहाजिर होकर हीमपुर दीपा थाना क्षेत्र के गांव सिसौना पहुंच गया। जहां उसके दोस्त अर्पित त्यागी का गांव के ही कपिल कुमार त्यागी से झगड़ा हुआ। आरोप है कि इस मारपीट में सिपाही सोनू भी शामिल रहा। पीड़ित कपिल कुमार त्यागी ने सिपाही सोनू और गांव के ही अर्पित त्यागी के खिलाफ मारपीट करने और धमकी देने के आरोप में थाना हीमपुर दीपा पर रिपोर्ट दर्ज करा दी।
सिपाही के खिलाफ केस दर्ज होते ही एसपी ने मामले की जांच सीओ चांदपुर को सौंपी। जांच आख्या के आधार पर थाना नांगल से बिना अनुमति अनुपस्थित होकर सिसौना में मुकदमा के वादी कपिल कुमार से मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने के चलते आम जनता में पुलिस की छवि धूमिल करने पर सिपाही सोनू कुमार को निलंबित कर दिया। एसपी दिनेश सिंह ने निलंबित किए जाने की पुष्टि की।