संवाद न्यूज एजेंसी
नजीबाबाद। वाइल्ड लाइफ रिपीलेंट डिवाइस गुलदारों और अन्य वन्य जीवों को आबादी क्षेत्र में जाने से रोकेगी। जंगली जानवरों के मानव द्वंद्व पर अंकुश लगाने के लिए प्रभावित क्षेत्रों में डिवायस लगाने का निर्णय लिया है। सामाजिक वानिकी विभाग ने प्रथम चरण में गांव इस्सेपुर में पांच रिपीलेंट डिवाइस लगाई हैं।
कौड़िया, राजगढ़ और साहनपुर वन रेंज में गुलदारों के बढ़ते हमलों ने जहां ग्रामीणों को दहशत दी है, वहीं वन विभाग के लिए भी गुलदारों के हमले चुनौती बने हैं। सिंतबर माह के प्रथम पखवाड़े में एक महिला व बालिका सहित गुलदारों के हमलों से चार मौत हुई। गांव इस्सेपुर में 14 सितंबर को गुलदार के हमले से मीरा देवी की मौत के बाद वन एवं सामाजिक वानिकी क्षेत्र में ट्रैप कैमरे और पिंजरों के सहारे गुलदारों के हमलों को रोकने का अभियान चला रही थी।
16 सितंबर को पिंजरे में गुलदार कैद होने के बाद सामाजिक वानिकी ने गुलदारों को आबादी क्षेत्र से दूर रखने के लिए वाइल्ड लाइफ रिपीलेंट डिवाइस और फॉक्स लाइट लगाने का फैसला किया है। सामाजिक वानिकी विभाग ने गांव इस्सेपुर के उन पांच चिह्नित क्षेत्रों में डिवाइस लगाई हैं, जहां से गुलदारों के आबादी की ओर बढ़ने की संभावना है।
उधर, वन विभाग की ओर से कौड़िया वन रेंज के बड़िया, कंडरावाली और विभाग की नर्सरी क्षेत्र में छह फॉक्स लाइट लगाई गईं हैं। फॉक्स लाइट के प्रकाश से जंगली जानवर दूर भागते हैं।