परिणाम घोषित होने से पहले ही बंद हो गए रजिस्ट्रेशन
धामपुर (बिजनौर)। आरएसएम कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय के कुलपति से प्रवेश के लिए बंद हो चुकी ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन तिथि को और बढ़ाने की मांग की है। छात्रों का कहना है कि विश्वविद्यालय की ओर से परीक्षा परिणामों को बाद में घोषित कर दिया गया और प्रवेश के लिए किए जा रहे ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया को पहले बंद कर दिया। ऐसे में काफी छात्र प्रवेश पाने से वंचित रह गए हैं।
आरएसएम कॉलेज के बीए, बीएससी फाइनल के छात्र दिनेश कुमार, गौरव कुमार, रक्षित कुमार, गोविंद कुमार, मीनाक्षी रानी, कविता रानी का कहना है कि विश्वविद्यालय ने उनके परीक्षा परिणाम को अपूूर्ण दर्शाकर रोक दिया था। अगली कक्षा में प्रवेश के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराने की आखिरी तिथि पांच नवंबर निर्धारित थी। जबकि उनका परीक्षा परिणाम पांच नवंबर के बाद घोषित हुआ। ऐसा होने से कॉलेज के बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं प्रवेश से वंचित रह गए।
कॉलेज के प्राचार्य डॉ. राकेश कुमार का कहना है कि जिन विद्यार्थियों ने पांच नवंबर तक ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करा लिए थे, कॉलेज उन्हें प्रवेश दे रहा है। बगैर रजिस्ट्रेशन के कॉलेज की ओर से ऐसे में प्रवेश लेना मुश्किल है। यदि विश्वविद्यालय की ओर से प्रवेश के लिए फिर से रजिस्ट्रेशन की तिथि को और बढ़ा दिया जाता है तो वह ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करा लें। कॉलेज ऐसे सभी छात्र छात्राओं के प्रवेश लेने में देरी नहीं करेगा।