बिजनौर। गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय मुरादाबाद से संबद्ध बिजनौर के राजकीय, संघटक, अनुदानित एवं स्ववित्तपोषित महाविद्यालयों में सत्र 2026-27 के प्रवेश के लिए पंजीकरण की तिथि बढ़ा दी गई है। परास्नातक के सभी पाठ्यक्रमों के प्रथम वर्ष एवं प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश के लिए विद्यार्थी अब 27 अगस्त तक समर्थ पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण कर सकेंगे।
गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय के कुलसचिव गिरीश कुमार द्विवेदी ने बताया ऑनलाइन आवेदन के लिए 150 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। पंजीकरण के बाद अभ्यर्थियों को इसी तिथि तक महाविद्यालय में रजिस्ट्रेशन फॉर्म के साथ आवेदन फॉर्म भी जमा करना होगा। विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर प्रवेश संबंधी नियमों एवं अन्य आवश्यक जानकारी उपलब्ध है। पत्र में विश्वविद्यालय की ओर से स्पष्ट किया गया है कि पंजीकरण के बाद सामने आई किसी भी त्रुटि में विद्यार्थी समर्थ लॉगिन के माध्यम से 27 अगस्त तक संशोधन कर सकते हैं। निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बाद किसी भी प्रकार के संशोधन की अनुमति नहीं दी जाएगी। विश्वविद्यालय प्रशासन ने विद्यार्थियों से अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय से पंजीकरण और आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है।