बिजनौर। डायलिसिस के दौरान सरफराज की मौत के मामले में प्रशासन की जांच रिपोर्ट तैयार हो चुकी है। रविवार को डीएम ने यह रिपोर्ट शासन को भेज दी। इसमें संजीवनी प्राइवेट लि. को ब्लैक लिस्ट करने, एफआईआर दर्ज कराने की संस्तुति की गई। साथ ही मेडिकल कॉलेज की प्राचार्या उर्मिला कार्या, सीएमएस डॉ. मनोज सेन, नोडल अधिकारी डॉ. विक्की, डॉ. प्रेम प्रकाश के खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति भी कर दी गई है।
मेडिकल कॉलेज के डायलिसिस विभाग में शुक्रवार को सीडीओ ने निरीक्षण किया था। इसी दौरान डायलिसिस करा रहे सरफराज की मौत हो गई थी। निरीक्षण के समय ही बिजली जाने पर जेनरेटर तक नहीं चल रहा था। इसके बाद सीडीओ पूर्ण बोरा ने इस मामले की जांच की। रविवार को जांच रिपोर्ट डीएम जसजीत कौर को सौंपी गई। जांच में कई खामियां मिली है। डीएम जसजीत कौर ने रविवार को इस प्रकरण की पूरी रिपोर्ट शासन को भेज दी है।