बिजनौर में जकार्ता में होने वाले 18वें एशियन कबड्डी चैंपियनशिप में बिजनौर का राहुल चौधरी लोहा मनवाने को तैयार है। राहुल इंडिया टीम की ओर से प्रतिभाग करेगा। टीम का प्रतिनिधित्व कुल चार कोच करेंगे, जबकि 12 खिलाड़ी आरक्षित और दो स्टैंडबाई के लिए चयनित किये गए हैं। देश के विभिन्न राज्यों के खिलाड़ियों को भी चुना गया है। इसमें उत्तर प्रदेश के बिजनौर जनपद से अकेले राहुल चौधरी ही शामिल हैं।
जिले के गांव छोईया जलालपुर निवासी रामपाल सिंह के पुत्र राहुल चौधरी ने कबड्डी के क्षेत्र में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। राहुल का इंडिया टीम में चयन किया गया है।
राहुल के बड़े भाई रोहित चौधरी के मुताबिक इस बार कबड्डी की 18वीं एशियन चैंपियनशिप जकार्ता में होगी। रोहित ने बताया कि बलवान सिंह नेशनल कोच, रामबीर सिंह खोखर, राममेहर सिंह, एल श्रीनिवास रेड्डी सहायक कोच रहेंगे, जबकि खिलाड़ियों में महाराष्ट्र से गिरीश मारुति एनॉर्क व रिशंक कृष्णा देवडिगा, हरियाणा से संदीप, इंडियन रेलवे से मोहित चिल्लर, राजस्थान से दीपक, एसएससीबी से मोनू गोयात, रोहित कुमार उत्तराखंड से प्रदीप, उत्तर प्रदेश से राहुल चौधरी, हिमाचल प्रदेश से अजय ठाकुर के नाम शामिल हैं।
इसके अलावा स्टैंडबाई के लिए पंजाब के मनिंदर सिंह, दिल्ली के अमित नागर का चयन इंडिया टीम के लिए हुआ है। वर्तमान में राहुल चौधरी दिल्ली में भारत सरकार के वित्त मंत्रालय में इनकम टैक्स इंस्पेक्टर के पद पर कार्यरत हैं।