उचित दर दुकानों पर दो चक्रों में मिलेगा राशन
बिजनौर। डीएम रमाकांत पांडेय ने बताया कि राशन की दुकानों पर दो चक्रों में राशन वितरित किया जाएगा। पहले चक्र में पांच से 14 जुलाई तक नियमित योजना के अंतर्गत अंत्योदय व पात्र गृहस्थी राशन कार्ड धारकों को खाद्यान्न दिया जाएगा। दो रुपये प्रति किलो गेहूं व तीन रुपये प्रति किलो चावल दिए जाएंगे। द्वितीय चक्र में 21 से 31 जुलाई तक अंत्योदय व पात्र गृहस्थी दोनों प्रकार के राशन कार्ड धारकों को प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के अंतर्गत पांच किलोग्राम चावल प्रति यूनिट नि:शुल्क दिया जाएगा। डीएम ने उपभोक्ताओं से आह्वान किया है कि वे उचित दर की दुकानों पर अधिक संख्या में एकत्र न हों। हाथ धोने के बाद ही अंगूठा का निशान ईपोस मशीन पर लगाए। वितरण कार्य में विक्रेता व नोडल अधिकारी का पूरा सहयोग दें। कोई समस्या होने पर जिला पूर्ति कार्यालय बिजनौर के कंट्रोल रूम नंबर 7895379933 पर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।