राशन की दुकानों और बैंकों में फिर भीड़ उमड़ी
बिजनौर। जिले में सोमवार को बैंकों में जन-धन खातों से रुपये निकालने और राशन की दुकानों पर उपभोक्ताओं की लंबी लाइन लगी रही।
केंद्र सरकार ने जनधन योजना में खाता खुलवाने वाली महिलाओं के खातों में मई माह में 500-500 रुपये डाले हैं। सरकारी सस्ते गल्ले की दुकानों पर भी राशन बांटा जा रहा है। जिसके चलते बैंकों और राशन की दुकानों पर सुबह से ही लंबी लाइन लगी रही। बैंकों में खाते के आखिरी अंकों के आधार पर रुपये दिए गए। ऐसा न होता तो बैंकों में और भी ज्यादा भीड़ होती। हालांकि राशन की दुकानों व बैंकों में सोशल डिस्टेंसिंग का पूरा ध्यान रखा गया। सब्जी व फल मंडी में भी उपभोक्ताओं की भारी भीड़ उमड़ आई। भीड़ रोकने के लिए पुलिस ने सोमवार को फिर से वाहनों की चेकिंग की। एसडीएम बृजेश कुमार का कहना है कि भीड़ में बेवजह आने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
अनावश्यक वस्तुओं की दुकानें भी खुलीं
नगीना। लॉकडाउन में प्रशासन ने खाद्य सामानों की होम डिलीवरी की व्यवस्था कर रखी है। लेकिन दुकानदार होम डिलीवरी की बजाय दुकान से ही सामान बेच रहे हैं जिसके चलते जरूरी सामानों की खरीदारी के लिए लोगों को लॉकडाउन का उल्लंघन कर सड़क पर निकलने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। सुबह आवश्यक वस्तु के अलावा और अनावश्यक वस्तुओं की दुकान भी खुलने लगी हैं। थाना प्रभारी विनय कुमार ने बताया कि पुलिस ने सोमवार को 18 वाहनों का चालान काटा।
बैंकों के बाहर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं
धामपुर। नगर के बैंकों के बाहर सवेरे से ही ग्राहकों की जमा भीड़ सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नहीं कर रहे हैं। सोमवार को नगर के पीएनबी मेन ब्रांच, इलाहाबाद बैंक और एसबीआई की कृषि शाखा के बाहर सवेरे से ग्राहकों की भीड़ जमा होने लगी। सरकार सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराने को जोर दे रही है लेकिन लोगों पर इसका कोई असर नहीं कर रही है। नगर के घनश्याम सिंह, बलराज सिंह, अजयवीर सिंह ने एसडीएम धीरेंद्र सिंह से बैंकों के बाहर सोशल डिस्टेसिंग का पालन कराने की मांग की है।
कालागढ़ में 42 दिन के बाद खुले बाजार
कालागढ़। कालागढ़ में 42 दिनों के बाद आम जनता के लिए बाजार सुबह साढ़े छह बजे से सांय चार बजे तक खुले। लोग लॉकडाउन के नियमों का पालन कर बाजार से आवश्यकता की वस्तुएं खरीदी।
एसओ रियाज अहमद ने बताया कि पौड़ी जनपद में सुबह सात बजे से सायं चार बजे तक लॉकडाउन में राहत मिली है। सोमवार, बुधवार व शुक्रवार को कपड़े, दर्जी, इलेक्ट्रानिक्स, जनरल स्टोर, हैंडलूम की दुकानें खुली रहेंगी। मंगलवार, बृहस्पतिवार व शनिवार को रेडीमेड गारमेंट, ज्वैलर्स, जूता, गिफ्ट सेंटर, फर्नीचर, कलर लैब व खेल सामग्री तथा प्रतिदिन मिठाई की दुकानें, बिल्डिंग मैटीरियल जैसी दुकानें खुली रहेंगी। रेस्टोरेंट, नाई, मॉल आदि को अभी छूट नहीं दी गई है। बाजार में सुबह से पुलिस तैनात रही। बिना वजह बाहर घूमने वालों को पुलिस ने घरों में ही रहने की अपील की।
फुटकर दुकान खोलने की मांग
नगीना। पश्चिमी उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष अब्दुल कय्यूम राईन ने प्रशासन से छोटे फुटकर दुकानदारों को राहत देने के उद्देश्य से सुबह जरूरी सामानों व किराने की दुकानें खुलवाने की मांग की है। उन्होंने एसडीएम कुंवर वीरेंद्र मौर्य से कहा कि जनपद के कुछ कस्बों में सुबह जरूरी सामानों व किराने की दुकान खुल रही है। कहा कि नगीना में प्रशासन द्वारा 100 दुकानों को खाद्य सामानों की होम डिलीवरी करने के लिए चिह्नित किया गया है। आरोप है कि चयनित दुकानदार होम डिलीवरी के बजाय दुकानों से ही सामान बेच रहे हैं। उन्होंने नगर की सभी खाद्य सामानों की दुकानों को नियत समय खोले जाने की मांग की है। एसडीएम का कहना है की डीएम का जो भी निर्देश होगा उसी का पालन कराया जाएगा।
बिजनौर में प्रदर्शनी मैदान में सब्जी मंडी उमड़ी भीड़।- फोटो : BIJNOR
बिजनौर में लॉकडाउन थ्री शुरू होने पर सिविल लाइन में निकली भीड़।- फोटो : BIJNOR
धामपुर में पीएनबी शाखा के बाहर ग्राहकों की लगी भीड़।- फोटो : DHAMPUR