पशुपालन विभाग के अधिकारी पर दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज
स्योहारा (बिजनौर)। बुलंदशहर में तैनात पशुपालन विभाग के एक अधिकारी समेत दो के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज हुई है। बकरी पालन के लिए कर्ज दिलाने के नाम पर एक महिला के साथ दुष्कर्म करने का आरोप है।
बिजनौर शहर निवासी एक महिला ने कोर्ट में प्रार्थनापत्र देकर आरोप लगाया कि छह माह पूर्व वह अपने परिवार संग गुलावठी जिला बुलंदशहर में मजदूरी करने गई थी, जहां उसकी मुलाकात पशु पालन विभाग में अधिकारी त्रिवेंद्र पुत्र नामालूम निवासी जमालपुर मान उर्फ पोटा थाना नूरपुर से हुई। उसने कहा कि पशुपालन विभाग की ओर से वह बकरी पालन के लिए बैंक से पांच-छह लाख रुपये का लोन दिला देगा, जिसमें आधे की छूट भी रहती है। उसने बैंक लोन की कार्यवाही के लिए त्रिवेंद्र को पांच हजार रुपये, बैंक की पासबुक, आधार कार्ड आदि भी दिया।
पीड़िता का आरोप है कि 14 अगस्त को त्रिवेंद्र उसके घर आया और उसने स्योहारा में एक बैंक अधिकारी से मिलने को कहा, जिस पर वह त्रिवेंद्र पर विश्वास करके उसके साथ स्योहारा चली आई, जहां पर त्रिवेंद्र ने उसे कोल्डड्रिंक पिलाई, जिसे पीकर उसे बेहोशी छाने लगी, जिसके बाद त्रिवेंद्र व उसके साथी दीक्षित ने उसके साथ दुष्कर्म किया। दुष्कर्म के बाद दोनों बेहोशी की हालत में स्योहारा-नूरपुर मार्ग पर नहर के पास छोड़ कर फरार हो गए। पीड़िता का आरोप है कि पुलिस ने भी उनकी रिपोर्ट नहीं लिखी। कोर्ट ने पीड़िता की तहरीर पर स्योहारा पुलिस को मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए, जिस पर पुलिस ने त्रिवेंद्र व दीक्षित के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर किया है। थानाध्यक्ष राजीव चौधरी ने मुकदमे की पुष्टि की है।