रामनवमी की जमीन पर कब्जा, पुलिस ने निर्माण कार्य रुकवाया
शेरकोट/धामपुर। हिंदूवादी संगठनों के लोगों का आरोप है कि कुछ लोगों ने शेरकोट में पुराने थाने के पास रामनवमी मेले की जमीन पर कब्जा करने का प्रयास किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर जाकर निर्माण कार्य को रुकवा दिया है।
भाजपा मंडल शेरकोट के अध्यक्ष धर्मवीर सिंह के नेतृत्व में सदस्यों ने बताया कि शेरकोट निवासी समाजसेवी ठाकुर संजय सिंह गहलोत के पूर्वजों ने पुराने थाने के पास पांच बीघा से ज्यादा जमीन को रामनवमी मेले के लिए छोड़ दिया था। आरोप है कि इस जमीन पर साजिश के तहत कुछ लोगों ने कब्जा करने का प्रयास किया। मामले का पता लगने पर हिंदूवादी संगठनों के सदस्यों ने थाने पहुंचकर मामले की शिकायत की। पुलिस से मिलने वालों में कामेश्वर राजपूत, जितेंद्र पाल सिंह गहलोत, राजवीर सिंह गहलोत, प्रशांत कुमार गहलोत आदि मौजूद रहे। वहीं, दूसरे पक्ष के लोगों ने बताया कि जिस जमीन पर निर्माण कर रहे हैं, वह उन्हीं की है। राजस्व विभाग की टीम ने शिकायत पर जमीन की पैमाइश की थी। एसओ संजय कुमार पांचाल का कहना है कि शिकायत मिलने पर पुलिस ने निर्माण कार्य रुकवा दिया है। दोनों पक्षों के लोगों को जमीन से संबंधित कागजातों के साथ थाने बुलाया गया है।