बारिश से रामगंगा बांध का जलस्तर बढ़ा
कालागढ़। पहाड़ों पर हो रही बारिश का पानी रामगंगा बांध के केचमेंट एरिया से होकर बांध के जलाशय में जमा हो रहा है। बांध के जलाशय का जलस्तर बांध के गेट तक पहुंच गया है। जल स्तर पर निगरानी के लिए विशेष अधिकारियों की तैनाती बांध पर कर दी गई है।
उत्तराखंड की पहाड़ियों पर हो रही बारिश के चलते रामगंगा नदी का जलस्तर भी धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। शुक्रवार को शाम चार बजे बांध का जलस्तर 353.160 मीटर दर्ज किया गया। जल स्तर के 352 मीटर को पार करते ही निगरानी के लिए विशेष अधिकारी तैनात करने का नियम है। जिसके चलते बांध पर विशेष अधिकारियों की तैनाती कर दी गई है। सितंबर में जलाशय में 358 मीटर तक पानी संग्रह किया जाएगा। बांध के अधिशासी अभियंता नीरज कुमार त्यागी ने बताया कि हालांकि जलाशय का जलस्तर सामान्य गति से बढ़ रहा है। बांध पर 24 घंटे एक सहायक अभियंता एवं अवर अभियंता तैनात कर दिए गए है। जलाशय के जल स्तर पर पूर्ण निगरानी की जा रही है। सितंबर माह के अंत तक बांध के जलाशय में 358 मीटर तक पानी जमा किए जाने की क्षमता है। अपरिहार्य स्थिति में बांध से पानी की निकासी की जाती है। हालांकि वर्तमान में ऐसी स्थिति प्रतीत नहीं हो रही है।