नजीबाबाद पहुंचे साइकिल यात्री राजेंद्र गुप्ता।
- फोटो : NAZIBABAD
विश्व शांति के लिए लोगों को जागरूक कर रहे राजेंद्र गुप्ता
नजीबाबाद। विश्व शांति, मानवता और सद्भाव का संदेश लेकर 34 वर्ष से साइकिल यात्रा पर निकले राजेंद्र गुप्ता का नजीबाबाद पहुंचने पर स्वागत किया गया। साढ़े तीन दशक में वह छह लाख किलोमीटर की साइकिल यात्रा कर चुके हैं।
भटिंडा पंजाब से 1998 में विश्व शांति, मानवता, सद्भाव और तीर्थ स्थलों के भ्रमण के लिए निकले 63 वर्षीय साइकिल यात्री राजेंद्र गुप्ता लगभग छह लाख किलोमीटर की यात्रा पूरी कर चुके हैं। नजीबाबाद पहुंचने पर साइकिल यात्री का क्षेत्रीय लोगों ने माला पहनाकर स्वागत किया। राजेंद्र गुप्ता साइकिल यात्रा के दौरान जगह-जगह रुककर लोगों को सद्भाव और मानवता का संदेश देते हैं। उनका कहना है कि इंसान की नाड़ियों में बहने वाले रक्त का रंग लाल होता है। धर्म, जाति और भेदभाव इंसान की सोच का परिणाम है। राजेंद्र बताते हैं कि उन पर बाबा अमरनाथ, माता वैष्णो देवी की असीम कृपा है। वह साइकिल से अनेक बार माता वैष्णो देवी के दर्शन कर चुके हैं। लगभग सभी धार्मिक स्थलों को नमन करने के साथ राजेंद्र गुप्ता की साइकिल यात्रा 26 जुलाई 2022 को भटिंडा पंजाब में संपन्न होगी।