- सुरक्षा के लिहाज से बंद की गई विद्युत आपूर्ति
- कडूला, गांगन, खलिया नदी का जलस्तर बढ़ने से पानी बस्ती में घुसा
फोटो समाचार
संवाद न्यूज एजेंसी
राजा का ताजपुर। गली मोहल्लों में बारिश का पानी दूसरे दिन भी नहीं उतरा, जिससे ग्रामीणों को भारी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा। जरूरत का सामान लाने के लिए पानी से गुजरकर बाजार जाना पड़ रहा है। मोहल्लों में पानी भरा होने के कारण विद्युत आपूर्ति बंद की गई है।
रविवार को हुई बारिश से कडूला, गांगन, खलिया नदी का जलस्तर बढ़ने से ताजपुर के मोहल्ले तोमर धर्मशाला, चामुंडा देवी मंदिर, बड़ा शिव मंदिर, सैनी धर्मशाला वाल्मीकि बस्ती, ईदगाह रोड पर कई-कई फीट पानी भर गया, जो दूसरे दिन सोमवार को भी कम नहीं हुआ। मोहल्ले वालों को दिनचर्या के लिए जरूरत का सामान लाने के लिए पानी से गुजरकर बाजार जाना पड़ रहा है।
ग्रामीण शेर सिंह तोमर, टीकम सिंह, यज्ञदत्त त्यागी, अमित कुमार, राजकुमार, शादीराम सैनी, कमल वाल्मीकि, कुंवरपाल सिंह आदि ने बताया कि ताजपुर के चारों ओर एक बड़ा नाला है जिसकी इस बार सफाई नहीं कराई गई है। जिसके कारण जलभराव हो गया। रात्रि में विद्युत आपूर्ति बंद रहने से ग्रामीणों की दिक्कत और बढ़ गई। उधर, बिजलीघर के जेई ने बताया कई मोहल्लों में बारिश का पानी भरा होने के कारण ट्रांसफार्मर की लीड पानी में डूबी हैं। सुरक्षा के कारण विद्युत आपूर्ति बंद की गई है।