गांव उदयचंदपुर में विकास विभाग की ओर से चौपाल का आयोजन हुआ
संवाद न्यूज एजेंसी
धामपुर। गांव उदयचंदपुर में विकास विभाग की ओर से चौपाल का आयोजन हुआ। ग्रामीणों ने गांव में व्याप्त गंदगी के मुद्दे को उठाया। कहा कि सचिव और प्रधान से बार बार शिकायत के बाद भी समाधान नहीं होता। नहटौर ब्लाक के गांव रायपुर- जसमौरा में ग्रामीणों ने मनरेगा मजदूरों के पारिश्रमिक के मुद्दे को उठाया।
खंड विकास अधिकारी त्रिलोकचंद सिंह ने ग्राम वासियों को प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास विकास योजना सहित सरकार की विभिन्न लाभकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। ग्रामीणों ने जल जीवन मिशन को अधिकारियों पर पलीता लगाने का आरोप लगाया। कहा कि योजना को अभी सही ढंग से धरातल पर नहीं उतारा जा सका है। बीडीओ ने बताया कि 13 सितंबर को ब्लॉक में सभी ग्राम प्रधानों, क्षेत्र पंचायत सदस्यों की जल जीवन मिशन को लेकर बैठक बुलाई गई है। सहायक विकास अधिकारी कृषि सोमपाल सिंह, समाज कल्याण सहायक विकास अधिकारी सत्येंद्र कुमार, प्रधान नासिर अहमद, सचिव सलमान आदि रहे।
उधर, नहटौर ब्लाक के गांव रायपुर लकड़ा और जसमौरा में संपन्न हुई चौपाल में मनरेगा श्रमिकों की मजदूरी और गंदगी का मुद्दा छाया रहा है। आरोप लगाया कि शिकायत के बाद भी अधिकारी सुनवाई नहीं करते है। इस मौके पर एडीओ आईएसबी डीडी सिंह, एडीओ सांख्यिकी जाहिद हुसैन, योगेश कुमार आदि रहे ।