मालन नदी पर पुल बनाने की उठाई मांग
नांगलसोती। पूंडरीकला-बरमपुर संपर्क मार्ग के बीच मालन नदी पर पुल बनाने की मांग को लेकर भाकियू नेता और किसान डीएम से मिले। उन्होंने पुल के अभाव में किसानों को होने वाली समस्याएं डीएम को बताईं।
भाकियू के युवा प्रदेश अध्यक्ष चौ. दिगंबर सिंह, कुलवीर सिंह, प्रधान पति संदीप राठी, राजवीर डीएम उमेश मिश्रा से मिले। किसानों ने डीएम को बताया कि पूंडरीकला-बरमपुर मार्ग के बीच मालन नदी पर पुल न होने से ग्रामीणों को भारी परेशानी झेलनी पड़ती हैं। इस मार्ग से गांव बरकातपुर, पूंडरीकलां, पूंडरी खुर्द, कामराजपुर, सबलपुर बीतरा और गांव भोजपुर, खेड़ी, बरमपुर, मौजमपुर, नयागांव आदि जुड़े हुए हैं। गन्ना ढुलाई के लिए किसान चंदा एकत्रित कर नदी पर प्रत्येक वर्ष अस्थायी पुल बनाते हैं। नदी में पानी आने से यह पुल हर साल बह जाता है। किसानों के प्रतिनिधिमंडल ने डीएम से मालन नदी पर स्थायी पुल बनाने की मांग की। डीएम ने किसानों को जल्द इस संबंध में प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजने का आश्वासन दिया।