बिजनौर। जनपद में मौसम के अचानक बदले मिजाज ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। मंगलवार को दिनभर आसमान में बादल छाए रहे और रुक-रुक कर हल्की बूंदाबांदी होती रही। शाम के समय कालागढ़, धामपुर में तेज हवा के साथ बारिश शुरू हो गई। बारिश व हवा से मौसम में ठंड का अहसास हुआ।
जनपद में एक लाख हेक्टेयर से अधिक क्षेत्रफल में गेहूं की फसल खड़ी है जबकि करीब 26 हेक्टेयर में आम के बाग हैं। ऐसे में हवा और बारिश दोनों फसलों के लिए नुकसानदेह साबित हो सकती हैं। किसानों का कहना है कि इस समय गेहूं की फसल पककर तैयार है और कई स्थानों पर कटाई भी शुरू हो चुकी है।
किसानों का कहना है कि आम का बौर से आम बनने लगा है। तेज हवा व बारिश से उत्पादन पर असर आएगा। नगीना वेधशाला केंद्र के अनुसार मंगलवार को जनपद का अधिकतम तापमान 29.0 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 14.2 डिग्री सेल्सियस मापा गया।
खराब मौसम से किसानों की बढ़ रही चिंता : किसान तेगबहादुर सिंह शास्त्री और चौधरी शूरवीर सिंह ने बताया कि तेज हवा और बारिश से गेहूं की फसल गिर सकती है, जिससे उत्पादन और दाने की गुणवत्ता प्रभावित होगी। उनका कहना है कि इस मौसम में खड़ी और कटी दोनों फसल को नुकसान की आशंका है।