नजीबाबाद। कोरोना संक्रमण काल में नजीबाबाद रेलवे स्टेशन पहली बार सीआरपीएफ जवानों की चहल-पहल से तीन घंटे तक गुलजार रहा।
कोरोना संक्रमण के चलते सात माह तक रेलों का आवागमन बंद रहने के बाद सीमित ट्रेनों का संचालन शुरू हो चुका है। स्पेशल ट्रेनों में किराया बढ़ोत्तरी के साथ काफी कम यात्री सफर कर रहे हैं। जिससे नजीबाबाद स्टेशन आमतौर पर सूना पड़ा रहता है। शुक्रवार को ऊधमपुर से तिनसुकिया के लिए केंद्रीय रिजर्व पुलिस स्पेशल ट्रेन नजीबाबाद स्टेशन पर प्रात: 10:35 बजे से दोपहर 1:35 बजे तक रुकी। स्टेशन पर केंद्रीय रिजर्व पुलिस के जवानों की तीन घंटे तक चहल-पहल रही। तीन घंटे हाल्ट के दौरान सीआरपीएफ जवानों ने नजीबाबाद स्टेशन पर दोपहर भोजन, स्नान आदि की नित्य क्रियाएं पूरी कीं। स्टेशन अधीक्षक जयपाल सिंह ने बताया कि कंट्रोल की सूचना पर सीआरपीएफ स्पेशल ट्रेन को नजीबाबाद में तीन घंटे ठहराव दिया गया।