धामपुर। दिवाली पर्व के मद्देनजर रेलवे पुलिस ने धामपुर रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। शनिवार को सीओ रेलवे सहारनपुर देवेंद्र कुमार के आदेश पर यह अभियान चलाया गया। रेलवे पुलिस चौकी प्रभारी कौशल किशोर के नेतृत्व में पुलिस बल ने संदिग्ध लोगों की तलाशी ली।
अभियान के दौरान स्टेशन पर बिना वजह घूम रहे लोगों में अफरातफरी मच गई। पुलिस टीम ने यात्रियों के सामान की भी गहन जांच की। दिवाली के मौके पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए रेलवे स्टेशन पर आने-जाने वाले यात्रियों की विशेष निगरानी की जा रही है। पुलिस बल ने ट्रेनों में पहुंचकर यात्रियों और उनके सामान की तलाशी ली। इसका उद्देश्य दिवाली के दौरान किसी भी अवांछित गतिविधि को रोकना है। चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा।
पुलिस ने आसपास के गांवों में ग्रामीणों के साथ गोष्ठियां भी आयोजित कीं। लोगों से अपील की गई कि दिवाली पर रेल यात्रा के दौरान विस्फोटक सामग्री, ज्वलनशील या मादक पदार्थ साथ न ले जाएं। यदि कोई व्यक्ति संदिग्ध गतिविधि या लावारिस सामान देखता है तो तत्काल रेलवे पुलिस को सूचना दे। त्योहार के मद्देनजर रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। इस मौके पर अजय कुमार, अंकित कुमार और सीमा रानी भी उपस्थित रहे।