बिजनौर के कस्बा झालू में रेलवे फाटक के हाईट गेज में फंसा गन्ने से भरा ट्रक।
- फोटो : BIJNOR
फाटक पर गन्ने का ट्रक फंसने से रेल यातायात बाधित
हल्दौर/झालू (बिजनौर)। झालू में रेलवे फाटक पर गन्ना से लदा हुआ एक ओवरलोड ट्रक हाईटगेज में फंस गया। ट्रक फंसने की वजह से रेल यातायात बाधित हो गया। एक एक्सप्रेस समेत दो ट्रेनों को हल्दौर स्टेशन पर दो घंटे तक खड़ा रखना पड़ा। रेलवे पुलिस ने ट्रक ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है।
रविवार सुबह करीब पौने दस बजे गन्ने से लदा हुआ ओवरलोड ट्रक गोलबाग चौराहे की ओर से बिलाई चीनी मिल में गन्ना डालने जा रहा था। यह ट्रक झालू के रेलवे फाटक पर बने हाईटगेज में फंस गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची रेलवे पुलिस ने चालक ट्रक छोड़कर को पकड़ लिया। इस दौरान झालू-गोलबाग हाईवे पर जाम लगा गया। इसके अलावा हल्दौर रेलवे स्टेशन पर सिद्धबली एक्सप्रेस और गजरौला नजीबाबाद ट्रेन को हल्दौर रेलवे स्टेशन पर रोकना पड़ा। मौके पर पहुंची पुलिस ने रेलवे की विद्युत लाइन की आपूर्ति बंद कराकर बमुश्किल फंसे ट्रक को जेसीबी की मदद से मौके से हटवाया।
इससे उक्त हाईवे पर करीब दो घंटे तक जाम लगा रहा। जबकि उक्त दोनों ट्रेनें अपने निर्धारित समय से अपने गंतव्यों की ओर रवाना होने के लिए करीब पौने दो घंटे लेट हो गई। पुलिस ने पकड़े गए गन्ने से लदे ट्रक चालक नहटौर थाना क्षेत्र के गांव तकीपुरा निवासी नरेंद्र सिंह पुत्र नत्थू सिंह को दबोच लिया। जीआरपी दरोगा सज्जन सिंह का कहना है कि ट्रक चालक के खिलाफ संबंधित मामले में रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। हल्दौर रेलवे स्टेशन मास्टर अरविंद कुमार ने उक्त ट्रेनों को करीब पौने दो घंटे रुकी होने की पुष्टि की है।