पश्चिमी उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण रेल यातायात भी प्रभावित हुआ है। बुधवार को ऋषिकेश जा रही प्रयागराज संगम एक्सप्रेस को बिजनौर के नजीबाबाद स्टेशन पर रद्द कर दिया गया। वहीं ट्रेन रद्द होने से यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। रेलवे प्रबंधन द्वारा यात्रियों को भेजने के लिए रोडवेज बसों की व्यवस्था की जा रही है।
वेस्ट यूपी में पिछले एक सप्ताह से लगातार हो रही बारिश के कारण ट्रेनों के भी पहिये थम गए है। बुधवार को प्रयागराज से ऋषिकेश जा रही प्रयागराज संगम एक्सप्रेस नजीबाबाद स्टेशन पर रद्द कर दी गई। बताया गया कि लक्सर रेलवे स्टेशन यार्ड में पानी के कारण ट्रेन नजीबाबाद स्टेशन पर रद्द करना पड़ा। बड़ी संख्या में यात्री हरिद्वार जाने के लिए परेशान रहे। वहीं बारिश के बीच रेलवे प्रबंध द्वारा रोडवेज बसों व्यवस्था की जा रही है।
अन्य एक्सप्रेस ट्रेन भी स्टेशन पर रोकी
कोलकाता से अमृतसर जा रही नजीबाबाद स्टेशन से रन थ्रू गुजरने वाली एक्सप्रेस ट्रेन को 1:30 बजे नजीबाबाद स्टेशन पर रोका गया है। यह एक्सप्रेस ट्रेन आगामी सूचना तक स्टेशन पर खड़ी रहेगी। रेल यातायात बाधित होने से चंदोक रेल स्टेशन पर डिब्रुगढ़ से चलकर चंडीगढ़ जाने बाली रेल संख्या 15903 को रोका गया है। वहीं ट्रेनों को रोके जाने के बाद यात्री हलकान हो रहे हैं।
जानकारी के अनुसार लक्सर के पास सोनाली नदी का तटबंध टूटने की वजह से पूरे लक्सर स्टेशन पर पानी भरने की बात कही जा रही है। लक्सर स्टेशन पर रात में ही पानी पहुंच गया था।
दरअसल बालावाली से दूसरी ओर लक्सर की तरफ जमीन की ऊंचाई समुद्र तल से बिजनौर के मुकाबले कम है। इस कारण से यहां पानी स्टेशन तक पहुंच गया।