बिजनौर में पेट्रोल पंप पर छापेमारी के दौरान जांच करते डीएम जगतराज।
- फोटो : अमर उजाला
बिजनौर में डीएम जगतराज ने प्रशासनिक टीम के साथ पेट्रोल पंपों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की। कार्रवाई से पेट्रोल पंप इस दौरान बाट माप विभाग, ऑयल कंपनी व रिफलिंग पंप बनाने वाली कंपनी के अधिकारी भी साथ में रहे। जांच में किसी भी पेट्रोल पंप पर चिप नहीं मिली व घटतौली भी नहीं पाई गई। डीएम ने सभी पेट्रोल पंपों की दोबारा से स्टैंपिंग कराई।
बुधवार दोपहर डीएम जगतराज ने एसडीएम अनुज सिंह, एसडीओ सुनील कुमार, ऑयल व रिफलिंग पंप बनाने वाली कंपनी के अधिकारियों के साथ नगीना रोड स्थित सिद्धबली फिलिंग स्टेशन, श्याम फिलिंग स्टेशन व किसान सेवा केंद्र फिलिंग स्टेशन पर छापेमारी की। इस दौरान पेट्रोल पंपों पर हड़कंप मच गया। डीएम ने अपने सामने सभी पेट्रोल पंपों के फिलिंग पंपों को अपने सामने चैक कराया। किसी भी फिलिंग पंप में मशीन नहीं मिली। वहां बाट माप विभाग द्वारा पेट्रोल व डीजल की माप भी प्रति लीटर के आधार पर भी कराई गई। उसमें भी सबकुछ ठीक मिला। डीएम ने सभी मशीनों की स्टैंपिंग बाट माप विभाग द्वारा दोबारा से करने को कहा है। साथ ही सभी पेट्रोल पंपों की जांच कर सभी मशीनों की स्टैंपिंग दोबारा से करने के निर्देश दिए हैं। डीएम ने कहा कि पेट्रोल पंपों पर घटतौली या अनियमितता बिलकुल भी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिस पेट्रोल पंप पर भी अनियमितता मिलेगी उसके मालिक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पेट्रोल पंप के मालिक उपभोक्ताओं के साथ किसी भी प्रकार की घटतौली करने की कोशिश न करें।