लोहा कारोबारी के प्रतिष्ठान पर छापा
नजीबाबाद । राज्य कर विभाग बिजनौर के विशेष अनुसंधान शाखा टीम ने तहसील मुख्यालय के सामने लोहा कारोबारी के यहां छापा मारा। डिप्टी कमिश्नर संजय सिंह के नेतृत्व में टीम शामिल अधिकारियों ने देर रात तक प्रतिष्ठान के कारोबारी रिकॉर्ड खंगाले।
विशेष अनुसंधान शाखा बिजनौर के डिप्टी कमिश्नर संजय सिंह के नेतृत्व में असिस्टेंट कमिश्नर राजीव सिंह, सीटीओ नरेंद्र सिंह व टवेंद्र सिंह की टीम ने तहसील के निकट वीरेंद्र एंड संस लोहा कारोबारी प्रतिष्ठान पर छापे की कार्रवाई की। सोमवार को दोपहर राज्य कर विभाग की टीम के बाजार में पहुंचते ही कारोबारियों में हड़कंप मच गया।
तीन गाड़ियों में पहुंची टीम ने कारोबारी भाविक मित्तल से कारोबार से संबंधित रिकॉर्ड तलब किए। देर रात तक टीम कारोबारी के प्रतिष्ठान से कारोबार संबंधी जानकारी लेने में टीम जुटी थी।
राज्य कर विभाग विशेष अनुसंधान शाखा के डीसी के नेतृत्व में टीम ने करापवंचन से संबंधित कई बिंदुओं पर पर कारोबारी से जानकारी की। बताया जाता है टीम ने कंप्यूटर रिकॉर्ड और कारोबार से संबंधित महत्वपूर्ण फाइलें अपने कब्जे में लीं।
डीसी संजय सिंह ने बताया कि कारोबार से संबंधित खातों की जांच पड़ताल की जा रही है। विशेष अनुसंधान शाखा बिजनौर की टीम छह माह के भीतर अजमल खां रोड स्थित एमआर स्टील, एक फ्लेक्सी कारोबारी सहित पांच-छह बड़े प्रतिष्ठानों पर छापा मार चुकी है।