-कई बिन्दुओं जांच कर रही है हल्दौर पुलिस, खुलासे के पहुंची नजदीक
-पीट-पीटकर की गई थी हत्या, घुटने में भी चोट मिली
संवाद न्यूज एजेंसी
हल्दौर। यूं तो राहुल हत्याकांड में ससुरालियों को नामजद कराया गया था, लेकिन पुलिस अन्य बिंदुओं पर भी जांच कर रही है। संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जल्द ही हत्याकांड का खुलासा हो जाएगा।
गांव प्रेमनगर के रहने वाले राहुल कुमार का रक्तरंजित शव सोमवार को घर में छत पर पड़ा मिला था। घर में जगह-जगह मिले खून के धब्बों और शव पर चोट के निशान देखकर ही प्रथम दृष्टया हत्या किया जाना पुख्ता हो गया। मौका ए वारदात के हालातों को देखकर लगा कि आरोपियों से बचने के लिए राहुल ने खूब प्रयास किया। घर में भूतल पर खून के धब्बे, सीढि़यों पर खून और छत पर मिला रक्तरंजित शव, यह देखकर ही माना जा रहा था कि आरोपियों ने बचने के लिए वह दौड़ा होगा। उधर, पोस्टमार्टम रिपोर्ट भी हत्या की तस्वीर साफ कर रही है। मृतक राहुल में घुटने में चोट मिली है।
इस हत्याकांड में मृतक की मां की ओर से उसकी पत्नी, साले और ससुर को नामजद कराया गया था, लेकिन पुलिस कई पहलुओं पर जांच में जुटी है। सीओ सिटी अनिल कुमार ने बताया कि कुछ संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है, जल्द ही हत्याकांड का खुलासा कर दिया जाएगा।