नहटौर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर ब्लॉक कार्यालय परिसर में जन आरोग्य एवं कल्याण सेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में स्वास्थ्य, कृषि, पशुपालन, सिंचाई, बाल विकास परियोजना समेत विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी।
शिविर का शुभारंभ ब्लॉक प्रमुख ने किया। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। इसके लिए विभिन्न विभागों के माध्यम से लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से आयोजित चिकित्सा शिविर में 212 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें निशुल्क दवाइयां वितरित की गईं। सात लोगों को दृष्टिदोष के लिए चश्मे दिए गए, जबकि टीबी के पांच मरीजों को पोषण पोटली वितरित की गई। पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान भारत कार्ड भी बनाए गए।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी कौशलेंद्र सिंह ने कहा कि लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए विभाग लगातार प्रयासरत है। उन्होंने नागरिकों से सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ उठाने और नियमित स्वास्थ्य जांच कराने की अपील की।
इस अवसर पर प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. आशीष कुमार आर्य, एडीओ पंचायत मनोज कुमार, एडीओ समाज कल्याण योगेश कुमार, एडीओ कृषि अमोल तोमर, सीडीपीओ हेमलता शर्मा, पीआरडी सीओ सुमित कुमार, शोभित त्यागी तथा अखिल भारतीय प्रधान संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष यशपाल सिंह समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।