बिजनौर। प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र की तर्ज पर पशुपालकों को सस्ती दरों पर दवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले के प्रत्येक विकास खंड में पशु औषधि केंद्र खोले जाएंगे। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. लोकेश कुमार अग्रवाल ने बताया कि यह योजना भारत सरकार के पशुधन स्वास्थ्य एवं बीमारी नियंत्रण कार्यक्रम (एलएचडीसीपी) के तहत संचालित की जाएगी। बताया कि पशु औषधि केंद्र खोलने के इच्छुक आवेदकों को आवेदन के साथ फार्मासिस्ट का नाम व पंजीकरण विवरण, दुकान के लिए न्यूनतम 120 वर्ग फुट स्थान का प्रमाण पत्र तथा ड्रग सेल लाइसेंस प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। योजना में प्रधानमंत्री कृषक समृद्धि केंद्रों एवं सहकारी समितियों से जुड़े योग्य लाभार्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी। कहा कि इच्छुक आवेदक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इस पहल से पशुपालकों को गुणवत्तापूर्ण दवाएं सस्ते मूल्य पर उपलब्ध होंगी।