ट्रैक्टर खींचकर और सिर पर सिलिंडर रख किया विरोध
स्योहारा/अफजलगढ़। भाकियू के नेतृत्व में बुढ़नपुर में किसानों ने ट्रैक्टर को रस्सी से खींचकर और गैस सिलिंडर सिर पर रखकर महंगाई के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। अफजलगढ़ में भाकियू कार्यकर्ता ने प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन कोतवाल को सौंपकर महंगाई पर अंकुश लगाने की मांग की है।
स्योहारा-नूरपुर हाईवे पर किसान एकत्रित होकर विरोध जताया। किसान नेता चौधरी गजेंद्र सिंह टिकैत ने कहा कि सरकार को अपने वादे के मुताबिक 2022 में आय दुगनी करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार ने किसानों की आमदनी दुगनी नहीं की, लेकिन कृषि में आने वाले खर्च जरूरी दोगुने हो गए हैं। पेट्रोल और डीजल 100 रुपये के करीब पहुंच गया है। किसानों का खेती करना मुश्किल हो गया है। इस महंगाई में किसानों से डीजल नहीं खरीदा जा रहा है। बरसात नहीं होने से किसानों की फसल सूख रही है। आज महंगाई के बोझ के तले आम जीवन त्रस्त है। अरविंद चौहान, ओम प्रकाश जाटव, महेश यादव, इस्लामुद्दीन, शफीक अहमद, पोखर सिंह, अनुज बालियान, देवेंद्र सिंह भोले नरेंद्र चौहान आदि विरोध प्रदर्शन में शामिल रहे।
वहीं अफजलगढ़ में भी भाकियू कार्यकर्ता ब्लॉक अध्यक्ष दर्शन सिंह फौजी के नेतृत्व में अफजलगढ़ स्थित जसपुर तिराहे पर पहुंचे तथा प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन मौके पर मौजूद कोतवाल नरेश कुमार को सौंपा। ज्ञापन में कहा गया है कि महंगाई के चलते किसानों को आर्थिक तंगी से जूझना पड़ रहा है। महंगाई पर प्रभावी रोक नही लगाई गई तो किसान खेती छोड़ने के लिए मजबूर हो जाएगा। ज्ञापन पर सौंपने वालों में दर्शन सिंह फौजी के अलावा राना सिंह, गुरमीत सिंह, गुरदेव सिंह, रंजीत सिंह, इंद्रजीत सिंह, जगदीप सिंह, मिलखा सिंह, गुरविंदर सिंह आदि मौजूद रहे।