संवाद न्यूज एजेंसी
नजीबाबाद। खेत में दबे मिले हाथी के शव के मामले में भारतीय किसान यूनियन टिकैत का सातवें दिन भी डीएफओ कार्यालय पर धरना जारी रहा। संगठन ने आज महापंचायत बुलाई है।
कौड़िया वन क्षेत्र के मोहनवाली के खेत में हाथी का शव दबा हुआ मिला था। करीब एक माह पुराना मामला होने से मृत हाथी का अधिकांश शरीर मिट्टी और कंकाल में बदल चुका था। वन विभाग की ओर से डिप्टी रेंजर और फॉरेस्ट गार्ड को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर खेत स्वामी सहित आठ लोगों को नामजद किया गया था। छह अज्ञात के खिलाफ वन विभाग ने मामला दर्ज कराया था।
भाकियू टिकैत ने निर्दोष किसानों और वन गुर्जरों को नामजद किए जाने और प्रकरण पता होने, लाखों रुपये का सुविधा शुल्क वसूलने के बावजूद पर विभाग के कर्मियों को बचाने के विरोध में सात अक्तूबर से धरना प्रदर्शन शुरू किया था। धरने पर भाकियू मंडल अध्यक्ष बाबूराम तोमर, युवा नेता सरदार वरिंदर सिंह बांठ, जगमीत सिंह चहल, सतनाम सिंह, गुरवैल सिंह, सौरभ काकरान सहित अनेक किसान धरने पर बैठे।
उधर, किसान नेता बाबूराम तोमर ने कहा कि जब तक किसानों को न्याय नहीं मिलेगा और वन कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होगी तब तक धरना प्रदर्शन जारी रहेगा। सोमवार को मामले में डीएफओ कार्यालय परिसर में महापंचायत बुलाई है। उधर, भाकियू अराजनैतिक के प्रांतीय उपाध्यक्ष चौ.बलराम सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष कुलवीर सिंह, राजेंद्र सिंह, सरदार इकबाल सिंह ने धरना स्थल पहुंचकर संगठन का समर्थन दिया।