पुराना मलबा डालकर सड़क बनाने पर विरोध
नजीबाबाद (बिजनौर)। टीला मंदिर क्षेत्र में सड़क निर्माण मानक के अनुरूप न होने पर क्षेत्रीय लोगों ने नाराजगी जताई है। आरोप है कि ठेकेदार ने खोदाई किए बगैर ही सड़क पर मलबा डालकर निर्माण कराना शुरू कर दिया है। भारी वाहनों के आवागमन से मार्ग शीघ्र क्षतिग्रस्त हो सकता है।
नगरपालिका की ओर से मोहल्ला भवन से मालन नदी पुल तक मार्ग का निर्माण कराया जा रहा है। बाला जी मंदिर के सामने पुरानी सड़क पर मलबा डाले जाने पर क्षेत्रीय लोगों ने नाराजगी व्यक्त की है। संजीव माहेश्वरी, शिव कुमार माहेश्वरी, योगेंद्र अग्रवाल, मुकुट बिहारी महेंद्रा, यशवीर सिंह, नरेश गुप्ता, सुधीर अग्रवाल, श्रीराम सैनी, पंकज, राजू आदि क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि सड़क का निर्माण मानक अनुरूप नहीं हो रहा है। ठेकेदार ने पुराने मार्ग को उखाड़े बिना उस पर पुराना मलबा डालकर निर्माण कार्य शुरू करा दिया है। पानी और भारी वाहनों के गुजरने से जल्द क्षतिग्रस्त हो सकता है। नागरिकों ने जांच कराकर मानक के अनुरूप सड़क निर्माण कार्य कराए जाने की मांग की। उधर, नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी सुरेंद्र प्रताप सिंह का कहना है कि मार्ग को ऊंचा उठाकर बनवाया जा रहा है। मार्ग निर्माण क्षेत्र हल्की बरसात में जलमग्न हो जाता है। निर्माण कार्य की जांच के निर्देश अवर अभियंता को दिए हैं।