- बैठक में सात प्रस्ताव रखे गए, पांच पर ही बन सकी सहमति
संवाद न्यूज एजेंसी
हल्दौर। पालिका बोर्ड की बैठक में विकास कार्यों में खर्च करने को लेकर सर्वसम्मति से करीब नौ करोड़ बीस लाख रुपये का बजट प्रस्ताव पास किया गया। बैठक में सात प्रस्ताव रखे गए थे, लेकिन सहमति पांच पर ही बन सकी।
नगर पालिका कार्यालय में बुधवार को पालिका बोर्ड की बैठक हुई। जिसमें वर्ष 2023-24 के लिए नौ करोड़ 48 लाख 70 हजार रुपये के अनुमानित बजट पर चर्चा हुई। जिसमें नौ करोड़ बीस लाख रुपये से मोहल्ला सैमीवाला, अल्लाहावाला, महलवाला चौधरियान आदि में स्थित तालाबों और नालों की तलछट सफाई व सिल्ट उठाए जाने, नगर में स्ट्रीट एलईडी लाइट लगवाने सहित पांच प्रस्तावों को सर्वसम्मति से पास कर दिया गया। जबकि दो प्रस्तावों को बोर्ड की आगामी बैठक में रखा जाएगा।
बैठक में करीब 28 लाख रुपये का लाभ दर्शाया गया है। मलिन बस्तियों में विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। बैठक में नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी राजीव कुमार चौधरी ने समस्त सभासदों व नगरवासियों से नगर में संचारी रोग नियंत्रण अभियान में जागरूकता अभियान चलाए जाने और सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने में सहयोग करने का आह्वान किया। चेयरपर्सन बिमला देवी ने कहा कि उनकी प्राथमिकता नगर में चहुंमुखी विकास कराना है। इस अवसर पर ज्योति सैनी, संगीता, राजीव चौहान, दीप रस्तोगी, चंद्रपाल सिंह, चौधरी खिलेंद्र सिंह, कमल, ऋषभ रस्तोगी, मोहम्मद गुलफाम फरीदी समेत समस्त 25 सभासद व पालिका लिपिक अजय शर्मा, अरुण कुमार, अंकित कुमार, मोहम्मद नौशाद आदि समस्त स्टाफ मौजूद रहा।