बिजनौर। इस बार जनपद में आलू का उत्पादन अच्छा है। आलू की नई फसल बाजार में आई, तो बाजार में आलू के दाम नीचे ही गिर गए। बाजार में अच्छे दाम नहीं मिलने से किसान स्वयं अपने ट्रैक्टर ट्राली में भरकर शहर व ग्रामीण क्षेत्र में पांच रुपये किलो बेच रहे हैं। कुछ किसान अच्छा मूल्य पाने के लिए आलू को शीतगृहों में रख रहे हैं।
जनपद में इस बार 1980 हेक्टेयर क्षेत्रफल में आलू की बुवाई हुई थी। सर्दियों में ज्यादा बारिश न होने तथा मौसम सही रहने से आलू का उत्पादन भी अच्छा हो रहा है। वैसे जनपद में आलू का क्षेत्रफल बहुत कम रहता है। बिजनौर में गन्ना की बुवाई ज्यादा होती है। इस समय किसानों की आलू की फसल बाजार में आने लगी है। बाजार में आवक ज्यादा और मांग कम होने से दाम नीचे आ गए है। किसानों को लागत भी नहीं मिल रही है।
बाजार में अपने निजी वाहनों से किसान पांच रुपये किलो अर्थात 40 किलो की एक बोरी 200 रुपये में बिक रही है। थोक के बाजार में तीन से चार रुपये किलो आलू का किसानों को भाव मिल रहा है। किसानों का कहना है कि बाजार में भाव अच्छे नहीं मिल रहे हैं। इस कारण किसान शीतगृह में शुगर फ्री आलू 240 रुपये प्रति क्विंटल तथा सामान्य प्रजाति 220 रुपये प्रति क्विंटल के किराए छह माह पर रखे जा रहे हैं।
शीतगृहों में पहुंचा 3248.6 मीट्रिक टन आलू
जिला उद्यान अधिकारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि जनपद में दस शीतगृह संचालित है। इनमें से पांच शीतगृहों आलू का भंडारण हो रहा है। अभी तक जनपद में 3248.6 मीट्रिक टन आलू का भंडारण हो गया है।
बोले किसान
बाजार में नई फसल आने पर आलू के मूल्य में कमी आई है। आलू का उत्पादन भी अच्छा है। व्यापारी आलू को स्टोर नहीं कर रहा है। किसानों को स्वयं ही आलू को मंडी व गांवों में जाकर बेच रहे हैं। - मनव्वर राणा किसान
पहले कोल्ड स्टोर में 55 से 60 किलो का कट्टा स्टोर होता था। इस बार 50 किलो का कट्टा स्टोर हो रहा है। वर्तमान में मंडी में एक आलू का कट्टा 200 से लेकर 250 रुपये तक का बिक रहा है। किसान को खेत से मंडी तक एक कट्टा ले जाने में लगभग 100 रुपये को खर्च आ रहा है। - अलीमुद्दीन किसान
आलू के दामों में गिरावट, किसान और कारोबारी परेशान
नजीबाबाद/धामपुर। आलू का उत्पादन अच्छा हुआ है। बाजार में आलू के दामों में लगातार गिरावट आ रही है। इससे आलू उत्पादक किसान, आढ़ती और फुटकर विक्रेता परेशान है। एक माह पहले आलू के दामों में कुछ बढ़ोतरी हुई थी। नजीबाबाद में पंजाब, संभल और आसपास के क्षेत्रों से आलू मंडियों में पहुंचता है।
बोले आढ़ती
आलू आढ़ती जलालाबाद निवासी खुर्शीद शेख का कहना है कि गतवर्ष आलू के दाम 750 रुपये से 800 रुपये प्रति क्विंटल थे। वर्तमान में आलू 500 रुपये से 550 रुपये प्रति क्विंटल तक बिक रहा है।
आलू आढ़ती याकूब राईन और राम का कहना है कि मंडी में प्रतिदिन लगभग 1200 क्विंटल आलू पहुंच रहा है। दो-तीन दिन तक आलू की आढ़त होती है। उन्होंने मंडी में बड़ी मात्रा में आलू की आवक होने से दामों में गिरावट आने की बात कहीं।
आलू उत्पादक जलालाबाद निवासी हाजी शमशाद का कहना है कि आलू की बुवाई पर चार रुपये से पांच रुपये प्रतिकिलो खर्च आता है। लागत और मामूली मुनाफे की दृष्टि से आलू कम से कम 800 से एक हजार रुपये प्रति क्विंटल बिकना चाहिए।
धामपुर में बड़ी मंडी में फुटकर आलू बेचता व्यापारी